पलामू मर्डर मिस्ट्री का खुलासा: पांडू में मिला शव पूर्व माओवादी नेता 'विशाल जी' का निकला, इलाके में दहशत
पलामू : पलामू जिले के पांडू थाना अंतर्गत बेलहरा-लोमड़ीडीह मार्ग पर शनिवार सुबह बरामद क्षत-विक्षत शव की पहचान रविवार को हो गई. मृतक की पहचान छतरपुर थाना क्षेत्र के जंघबल गांव निवासी जगनारायण यादव उर्फ विशाल यादव के रूप में की गई है. रविवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) पहुंचे परिजनों ने शव की स्थिति देखकर उसकी शिनाख्त की.शादी समारोह में शामिल होने गया था मृतक
परिजनों के अनुसार, जगनारायण यादव बीते 7 मई को पांडू के कुलिया गांव में अपने एक रिश्तेदार (गोतिया) अयोध्या यादव के घर शादी समारोह में शामिल होने गया था. समारोह के बाद जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था. शनिवार को जब सोशल मीडिया पर एक अज्ञात शव की तस्वीर वायरल हुई, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे अस्पताल पहुंचे.