रैपुरा शराब दुकान कर्मचारियों की गुंडागर्दी, युवक को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा
शराब दुकान कर्मचारियों की गुंडागर्दी, युवक को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा
कटनी रोड स्थित शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान कर्मचारियों ने युवक को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा और बाद में सड़क तक घसीटते हुए मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, 10 मई की सुबह करीब 11 बजे भरवारा निवासी संदीप बसोर शराब दुकान पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि परिचय के दौरान उसने कर्मचारियों से मुझे दारू दे रे कह दिया। इसी बात पर कर्मचारी भड़क गए और संदीप को पकड़कर दुकान के अंदर एक कमरे में बंद कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वहां उसकी जमकर पिटाई की गई।
आरोप है कि मारपीट यहीं नहीं रुकी। कर्मचारी युवक को पीटते हुए सड़क तक ले आए। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद उसकी जान बच सकी।
क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह शराब दुकान शुरू से ही विवादों में रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान नियमों को ताक पर रखकर मंदिर और स्कूल के पास संचालित की जा रही है। लोगों का कहना है कि कर्मचारियों के हिंसक व्यवहार से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
घटना के बाद पीड़ित युवक और उसके परिजनों ने रैपुरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में शराब दुकान के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
इनका कहना है
दोनों पक्षों से आवेदन मिला है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
स्मिता बघेल, थाना प्रभारी रैपुरा