logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पंजाब में सियासी संग्राम: संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी पर AAP-BJP कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, कई जिलों में तनाव

चंडीगढ़, 10 मई पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने रविवार को पूरे पंजाब में भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कई जिलों में भाजपा कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन के दौरान AAP और भाजपा समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे लुधियाना और बठिंडा में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

लुधियाना में सबसे ज्यादा हंगामा

लुधियाना में AAP कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए भाजपा और ईडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना बताया। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। भारी पुलिस बल ने दोनों गुटों को अलग कर हालात को नियंत्रित किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं।

भाजपा बनाम AAP आरोपों की बारिश

भाजपा नेताओं अनिल सरीन, रजनीश धीमान और परवीन बंसल ने AAP सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जबकि AAP नेताओं ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया।

गिल रोड स्थित दाना मंडी इलाके में AAP कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला फूंका। AAP लुधियाना शहरी अध्यक्ष यतींद्र खंगुरा ने कहा कि यह कार्रवाई लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज पर हमला है।

बठिंडा में भी आमने-सामने आए दोनों दल

बठिंडा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री संजीव अरोड़ा और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसी बीच AAP समर्थकों के पहुंचने से माहौल और गर्म हो गया। दोनों पक्षों के बीच जोरदार नारेबाजी हुई।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मानव श्रृंखला बनाकर दोनों गुटों को अलग किया। मौके पर एसपी सिटी नरेंद्र सिंह और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

पूरे पंजाब में प्रदर्शन

जालंधर, मोहाली, होशियारपुर और बरनाला समेत कई जिलों में AAP कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतले फूंके। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ED-BJP Nexus लिखे पोस्टर दिखाई दिए।

गिरफ्तारी से शुरू हुआ विवाद

गौरतलब है कि ईडी ने शनिवार को करीब 100 करोड़ रुपये के GST घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से पंजाब में सियासी माहौल लगातार गर्म है।

AAP ने साफ कहा है कि वह इस कार्रवाई के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक विरोध जारी रखेगी, जबकि भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बता रही है। आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति और ज्यादा उग्र होने की संभावना है।

11
3005 views

Comment