संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने पदाधिकारियों को किया पदोन्नत
गाजियाबाद। घंटाघर क्षेत्र के बजरिया स्थित छोटी हवेली वेंकट हॉल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल विधानसभा 56 कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूती प्रदान करने एवं गतिशील बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पदाधिकारियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पदोन्नति भी प्रदान की गई।
बैठक का शुभारंभ विधानसभा 56 के महासचिव रवि कालिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। साथ ही विशिष्ट अतिथि संजय शर्मा, अमित गोयल एवं विधानसभा 56 के अध्यक्ष संदीप बठला का भी स्वागत किया गया।
बैठक में गत वर्ष संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए गए। जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने संगठन का सूक्ष्म परिचय देते हुए संगठन द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों पर प्रकाश डाला।
जिला अध्यक्ष प्रीतम लाल ने विधानसभा कार्यकारिणी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष संदीप बाठला को संगठन में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए पदोन्नत कर जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। उनके स्थान पर रिक्त हुए पद के लिए महासचिव रवि कालिया का नाम प्रस्तावित किया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए उन्हें विधानसभा अध्यक्ष घोषित किया गया। साथ ही कपिल गोयल को महासचिव तथा गजराज सिंह को नंदग्राम अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने किया।
इस अवसर पर राजन खत्री, विमल कुमार, सौरभ त्यागी, जितेंद्र अरोरा, राजकुमार शर्मा, गजराज चौधरी, अरविंद कुमार कालिया, शशि जैन एवं मोहित सेहरा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित हुए।