माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने मेधावी विद्यार्थियों को दी बधाई
रिपोर्ट : देवेश आर्य, मण्डी हिमाचल प्रदेश
शिमला, 10 मई, 2026
माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा आयोजित 10वीं कक्षा की परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। बोर्ड द्वारा परीक्षा परिणाम आज घोषित किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों की उत्कृष्ट उपलब्धियों की सराहना करते हुए माननीय मुख्यमंत्री श्री सुक्खू जी ने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए उनके उत्साह, अनुशासन और प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और सफलता में अभिभावकों, शिक्षकों तथा शुभचिंतकों के योगदान की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से विद्यार्थी अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होते हैं।
माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू जी ने परीक्षा में असफल विद्यार्थियों को निराश न होने का संदेश देते हुए कहा कि असफलता जीवन का अंतिम पड़ाव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को नव संकल्प, आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत के साथ पुनः तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।