माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी ने डीडीटीजी विभाग की सराहना की, हिमाचल को मिले कई राष्ट्रीय सम्मान
रिपोर्ट : देवेश आर्य, मण्डी हिमाचल प्रदेश
शिमला, 10 मई 2026
प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी ने लोगों को पारदर्शी, त्वरित और सुरक्षित नागरिक सेवाएं उपलब्ध करवाने में डिजिटल टेक्नोलॉजीज एवं गवर्नेंस (डीडीटीजी) विभाग के प्रयासों की सराहना की। ई-गवर्नेंस और नागरिक-केंद्रित डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभाग को राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
यह पुरस्कार सचिव, डिजिटल टेक्नोलॉजीज एवं गवर्नेंस श्री आशीष सिंघमार तथा निदेशक डॉ. निपुण जिंदल द्वारा मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भेंट किए गए।
डीडीटीजी विभाग की अभिनव पहल हिमपरिवार को दि इकोनॉमिक टाइम्स द्वारा बेस्ट स्टेट-लेवल ई-गवर्नेंस इनिशिएटिव श्रेणी में प्रतिष्ठित ई.टी. गोव टेक 2026 (सिल्वर विनर) सम्मान से नवाजा गया है। इसके अतिरिक्त विभाग के सर्वे प्लेटफॉर्म को ई-गवर्नेंस श्रेणी में उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्कॉच समूह द्वारा स्कॉच अवार्ड-2025 प्रदान किया गया। यह सम्मान प्रभावी डिजिटल सर्वेक्षण और डेटा-आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए दिया गया है।
इसके अलावा विभाग की हिमपरिवार, हिम एक्सेस सिंगल साइन-ऑन (एस.एस.ओ.) तथा सर्वे प्लेटफॉर्म पहलों को भी स्कॉच ऑर्डर ऑफ मेरिट रिकॉगनिशन प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जी ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीक और नवाचार के माध्यम से लोगों को प्रभावी, पारदर्शी और सुलभ सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग डिजिटल रूप से सशक्त हिमाचल के विजन को साकार करने के लिए एकीकृत प्लेटफॉर्म, डेटा-आधारित प्रशासन और निर्बाध नागरिक सेवाओं की दिशा में अपने प्रयास निरंतर जारी रखेगा।
सचिव डीडीटीजी श्री आशीष सिंघमार ने कहा कि यह सम्मान राज्य में मजबूत और व्यापक नागरिक-केंद्रित डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम हैं।
इस अवसर पर प्रधान सचिव श्री देवेश कुमार तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।