#राजस्थान के #भीनमाल में जागरण में गया परिवार, पीछे से उड़ा 40 तोला सोना, 1.2 किलो चांदी और 2.53 लाख नकद*
भीन्माल, जालोर, राजस्थान।* राजस्थान के जालोर जिले के भीनमाल क्षेत्र के दांतिवास गांव में जागरण का फायदा उठाकर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया।
पुलिस के अनुसार दांतिवास निवासी हरचंद पुत्र नथाराम पुरोहित परिवार सहित खेत में बने मकान में रहते हैं। 2 मई की रात परिवार पमाना गांव में जागरण में गया हुआ था। घर पर केवल बड़ी पुत्रवधू थी, जो मुख्य गेट को ताला लगाकर बाहर सोई हुई थी।
3 मई सुबह जब पुत्रवधू ने घर का ताला खोला तो कमरों की खिड़कियां टूटी मिलीं। अलमारियों और पेटियों के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच में पता चला कि घर में रखे करीब 40 तोला सोने के आभूषण, 1.200 किलो चांदी और 2.53 लाख रुपए नकद गायब हैं।
भीन्माल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV फुटेज और संदिग्धों की तलाश कर रही है।