ग्राम पंचायत जरवाही में मछुआ चौपाल आयोजितमछुआरों को दी गई विभागीय योजनाओं और आधुनिक मत्स्य पालन की जानकारी
ग्राम पंचायत जरवाही में मछुआ चौपाल आयोजित
मछुआरों को दी गई विभागीय योजनाओं और आधुनिक मत्स्य पालन की जानकारी
कटनी (10 मई) मध्यप्रदेश शासन द्वारा घोषित कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में मत्स्य विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड कटनी की ग्राम पंचायत जरवाही में मछुआ चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल का उद्देश्य मत्स्य पालकों को पारंपरिक पद्धतियों से आगे बढ़ाकर आधुनिक तकनीकों और शासन की लाभकारी योजनाओं से जोड़ना रहा, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बर्मन मछुआ सहकारी समिति के उपाध्यक्ष मंजा बर्मन ने की। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने मत्स्य पालन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी।
सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष कुमार नायक ने उन्नत किस्म के मछली बीजों के चयन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जानकारी देते हुए बताया कि वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाकर मत्स्य उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।
वहीं क्षेत्रीय मत्स्य निरीक्षक देवेन्द्र कुमार चक्रवर्ती ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, ताकि पात्र हितग्राही इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
मत्स्य निरीक्षक प्रियंका पटेल ने तालाब प्रबंधन एवं मछली बीज संचयन से पूर्व की जाने वाली आवश्यक तैयारियों पर विशेष जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक तालाब प्रबंधन के महत्व को समझाया।
इसके अलावा मत्स्य निरीक्षक रूचि प्रजापति ने मत्स्य पालकों को शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने तथा आधुनिक मत्स्य पालन के माध्यम से आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
ग्राम पंचायत जरवाही में आयोजित इस मछुआ चौपाल में बड़ी संख्या में मत्स्य पालक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।