logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आलंबन-2026 बना आत्मीय मिलन का यादगार अवसर : 100 से अधिक पूर्व एवं वर्तमान पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों का हुआ सम्मान के साथ-साथ पुरानी यादें हुई ताजा।

पुरानी यादें, पुराने साथी और अपनत्व का संगम : विदिशा पुलिस परिवार ने मिलकर साझा किए सेवाकाल के अविस्मरणीय क्षण

आलंबन-2026 : सेवानिवृत्त, स्थानांतरित एवं पूर्व अधिकारियों/कर्मचारियों का हुआ गरिमामयी सम्मान

वर्दी से परे भी कायम रहा रिश्ता : वर्षों बाद साथ बैठे पुलिस परिवार के सदस्य, भावुक हुआ सभागार

99 वर्ष पूर्ण कर चुके पूर्व डीएसपी के सम्मान से भावुक हुआ सभागार : पुलिस परिवार की आत्मीयता और परंपरा का अनूठा उदाहरण

सम्मान, मिलन और यादों से सजा विदिशा पुलिस का गरिमामयी समारोह

विदिशा पुलिस द्वारा दिनांक 09 मई 2026 को विदिशा में आलंबन-2026 पुलिस सम्मान एवं प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय, आत्मीय एवं भावनात्मक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदन एवं पूजन के साथ हुआ, जिसके पश्चात सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित अधिकारियों/कर्मचारियों सहित पूर्व पुलिस अधिकारियों का सम्मान किया गया।

यह आयोजन केवल विदाई समारोह नहीं, बल्कि पुलिस परिवार के आत्मीय मिलन, वर्षों पुराने साथियों से पुनः मिलने और सेवाकाल की यादों को साझा करने का भावुक अवसर बन गया। लंबे समय बाद एक मंच पर मिले पूर्व एवं वर्तमान अधिकारी/कर्मचारी अपने पुराने अनुभव, ड्यूटी के संस्मरण और संघर्षों के क्षणों को याद करते नजर आए। पूरे समारोह में अपनत्व, सम्मान और पारिवारिक भावनाओं का विशेष वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम में यह संदेश भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया कि पुलिस सेवा केवल वर्दी तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह एक ऐसा रिश्ता है जो सेवा निवृत्ति के बाद भी आत्मीयता और सम्मान के साथ जीवनभर जुड़ा रहता है।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे एवं मध्य प्रदेश स्टेट पुलिस सर्विस पेंशनर्स एसोसिएशन के सचिव श्री नरेंद्र सक्सेना द्वारा सेवा निवृत्त अधिकारियों/कर्मचारियों एवं पूर्व अधिकारियों का शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं पुलिस मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही स्थानांतरण होने पर विभाग के अधिकारियों को भी आत्मीय विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की शुभकामनाएँ दी गईं।

सेवा निवृत्त अधिकारियों का सम्मान एवं भावुक पल:
उप निरीक्षक (कार्यवाहक) श्री सत्येंद्र दुबे को 39 वर्ष 09 माह 03 दिवस की गौरवपूर्ण एवं अनुशासित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। लंबे सेवाकाल के दौरान उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्य, शांत स्वभाव एवं विभाग के प्रति समर्पण को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावपूर्वक याद किया।
प्रधान आरक्षक (कार्यवाहक) श्री भान सिंह को 15 वर्ष 07 माह 10 दिवस की समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साथियों ने उनके सहयोगात्मक व्यवहार, सेवा भावना एवं पुलिस परिवार के प्रति आत्मीय जुड़ाव की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएँ दीं।

सम्मान के दौरान दोनों अधिकारियों के सेवाकाल से जुड़े अनुभवों एवं यादों को साझा किया गया, जिससे समारोह का वातावरण भावुक एवं आत्मीय हो गया।

स्थानांतरित अधिकारियों का सम्मान:
समारोह में जिले से स्थानांतरित हुए थाना प्रभारी सिरोंज निरीक्षक श्री विमलेश कुमार राय एवं थाना प्रभारी बासौदा देहात निरीक्षक श्री मनोज दुबे को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके अनुशासित कार्यकाल, नेतृत्व क्षमता एवं व्यवहार कुशलता की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएँ दीं।

जब सम्मान और यादों ने सभी को कर दिया भावुक:
समारोह के दौरान एक अत्यंत भावुक क्षण तब उपस्थित हुआ, जब 99 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पूर्व डीएसपी श्री एस.एस. श्रीवास्तव का पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी द्वारा सम्मान किया गया। यह दृश्य पुलिस परिवार की परंपरा, आत्मीयता और अपने वरिष्ठों के प्रति सम्मान का जीवंत उदाहरण बन गया। सभागार तालियों की गूंज से भर उठा और उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी एवं परिजन भावुक हो उठे।

पुलिस अधीक्षक का संदेश:
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विदिशा श्री रोहित काशवानी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक परिवार और संस्कार है। सेवा निवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपने अनुभव, अनुशासन और कार्यशैली से आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे। आज का यह मिलन समारोह हम सभी को अपने पुराने साथियों से जोड़ने और उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर है।

करीब 100 से अधिक पूर्व अधिकारी-कर्मचारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जिला सेवानिवृत्त पुलिस संघ के सेवानिवृत्त डीएसपी, निरीक्षक, उप निरीक्षक, सउनि, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक सहित करीब 100 से अधिक अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन केवल एक औपचारिक समारोह नहीं बल्कि विदिशा पुलिस परिवार के आत्मीय मिलन और सम्मान का स्मरणीय अवसर बन गया।

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल सिंह, एसडीओपी लटेरी श्री अमरेश बोहरे, एसडीओपी कुरवाई श्रीमती रोशनी सिंह, एसडीओपी सिरोंज सुश्री सोनू डावर, थाना प्रभारी सिविल लाइन आर.के. मिश्र, महिला थाना प्रभारी उर्मिला यादव, थाना यातायात प्रभारी श्री आशीष राय, रक्षित निरीक्षक श्री भूर सिंह चौहान सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के शाखा प्रभारी, सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

7
399 views

Comment