CG News : प्रतिबंध के बावजूद अवैध बोर उत्खनन जारी, कलेक्टर ने की सख्त चेतावनी, पकड़े जाने पर होगी गाड़ी जब्त
भीषण गर्मी के कारण गिरते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बोर उत्खनन पर रोक लगाते हुए 1 अप्रैल से 15 जुलाई तक प्रतिबंध लगाया है. इसके बावजूद सक्ती जिले में धड़ल्ले से बोर उत्खनन का काम चल रहा है. प्रतिबंध आदेश का वाहन मालिक भी जमकर फायदा उठा रहे हैं. अब हर बोर उत्खनन पर 10 से 20 रुपया फुट तक अतिरिक्त लिया जा रहा है. चर्चा है कि हर बोर में 8 से 10 हजार रुपए अधिकारियों और नेताओं के नाम से वसूली की जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद रोजाना 10 से 12 बोर उत्खनन
जानकारी के मुताबिक, सक्ति जिले में रोजाना 10 से 12 बोर उत्खनन किया जा रहे हैं. वाहन मालिक रोजाना लाखों रुपया की अतिरिक्त कमाई भी कर रहे हैं. ये अतिरिक्त पैसे नेताओं और अधिकारियों के नाम से लिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि यही कारण हो सकता है कि वाहन मालिकों पर सख्ती नहीं की जा रही है
क्या बोले कलेक्टर?
प्रतिबंध के बाद भी जारी बोर उत्खनन को लेकर कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कहीं भी इस प्रकार के अवैध बोर उत्खनन होने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए. वहीं कलेक्टर ने वाहन मालिकों को भी सख्त चेतावनी दी है कि अगर कहीं भी अवैध रूप से बोर खनन करते पाए गए तो इस बार गाड़ी जब्त कर सीधे उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.