राजाजी टाइगर रिजर्व के ESZ क्षेत्र में कथित अवैध खनन, विभागीय मिलीभगत और प्रशासनिक निष्क्रियता पर उठे गंभीर सवाल
हरिद्वार/भगवानपुर:
जनपद हरिद्वार की तहसील भगवानपुर अंतर्गत ग्राम बंजारावाला ग्रंट स्थित सूकरो नदी क्षेत्र, चिल्लावली रेंज में राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमा से लगभग 400 मीटर दूरी पर कथित रूप से अवैध खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि महाशक्ति स्टोन क्रेशर एवं हरिओम स्टोन क्रेशर द्वारा देर रात भारी HM मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से खनन कार्य लगातार संचालित किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र Eco Sensitive Zone (ESZ) के अंतर्गत आता है, जहाँ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 तथा माननीय उच्चतम न्यायालय एवं NGT के निर्देशों के तहत खनन गतिविधियाँ प्रतिबंधित अथवा नियंत्रित हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रात्रि लगभग 2:45 बजे वन विभाग, पुलिस प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को फोन कर सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन अधिकांश अधिकारियों ने फोन तक रिसीव नहीं किया।
सूत्रों के अनुसार
वन विभाग ने फोर्स उपलब्ध न होने की बात कही।
पुलिस प्रशासन की ओर से ऊपर से दबाव होने की चर्चा सामने आई।
कई जिम्मेदार अधिकारियों ने शिकायत सुनना भी उचित नहीं समझा।
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होना तथा रात में खुलेआम भारी मशीनों से खनन जारी रहना विभागीय संरक्षण एवं मिलीभगत की आशंका को और मजबूत कर रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि
क्या अवैध खनन माफियाओं के सामने प्रशासन पूरी तरह निष्क्रिय हो चुका है?
क्या ESZ क्षेत्र में पर्यावरणीय कानून केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं?
यदि अधिकारी शिकायत के समय फोन तक नहीं उठाएँगे तो आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करे?
राजाजी टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि यह शासन व्यवस्था और कानून व्यवस्था की जवाबदेही पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।
स्थान: सूकरो नदी क्षेत्र, चिल्लावली रेंज, ग्राम बंजारावाला ग्रंट, तहसील भगवानपुर, जनपद हरिद्वार
Reporter: Rao Shokeen
Rao Digital India News