अवैध संबंध के शक में युवक की हत्याः बिजनौर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, दो गिरफ्तार
लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में एक आरोपी और एक नाबालिग बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़, खून लगी ईंट और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 मई को अशरफ नगर निवासी शुभम गौतम ने बिजनौर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके भाई सूरज की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गईं। पुलिस ने लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान, पुलिस ने शनिवार देर रात ग्राम रसूलपुर इठुरिया नाले की पुलिया के पास से आरोपी अनिल कुमार यादव और उसके नाबालिग रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी अनिल ने बताया कि उसकी मां के मृतक सूरज से पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। करीब दो महीने पहले उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उसने सूरज को घर आने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों ने 8 मई को सूरज को शराब पीने के बहाने गांव के बाहर झील किनारे एक खाली प्लॉट पर बुलाया। वहां उसे अधिक शराब पिलाई गई। जब वह नशे में हो गया तो अनिल ने पहले से छिपाकर लाए गए चापड़ से उस पर हमला किया, जबकि नाबालिग साथी ने ईंट से उसके सिर पर वार किए। दोनों ने तब तक हमला किया जब तक सूरज की मौत नहीं हो गई।
वारदात के बाद आरोपियों ने खून लगे कपड़े धोकर दोबारा पहन लिए और एक शादी समारोह में शामिल हो गए ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।