उत्तर प्रदेश:यूपी में बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार तय: 8 नए चेहरे, 2 मंत्रियों का प्रमोशन, राजभवन में जल्द शपथ
खबर:
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। योगी आदित्यनाथ सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार करने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस विस्तार में कुल 8 नए नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी, जबकि 2 मौजूदा राज्य मंत्रियों का कद बढ़ाया जाएगा।
सबसे चर्चित नाम रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज कुमार पांडेय का है, जो पूर्व में समाजवादी पार्टी सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और अब योगी सरकार में शामिल होने जा रहे हैं।
इसके अलावा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलना लगभग तय माना जा रहा है।
कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश सिंह राजपूत, वाराणसी से एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और अलीगढ़ की खैर सीट से विधायक सुरेंद्र दिलेर को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है।
फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान को शामिल कर सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, मेरठ दक्षिण से विधायक और वर्तमान राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर का कद बढ़ाया जाएगा। साथ ही कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से विधायक अजीत पाल को भी प्रमोशन मिलने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा है।
अब सभी की नजरें राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं, जहां नए मंत्रियों की औपचारिक एंट्री के साथ यूपी की राजनीति में नया समीकरण देखने को मिल सकता है।