बांसवाड़ा में 46 लाख रुपए की ठगी का मामला, पुणे पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
बांसवाड़ा में करोड़ों के मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने के मामले में पुणे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। मामला पुणे के एक कारोबारी से करीब 46 लाख रुपए की कथित ठगी से जुड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार पुणे के कोंढवा थाना क्षेत्र निवासी कारोबारी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपियों ने इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और सजावटी सामान के व्यापार में अच्छा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर बड़ी रकम निवेश करवाई।
शिकायत में बताया गया कि अलग-अलग बैंक खातों में कुल 46 लाख रुपए ट्रांसफर करवाए गए। इसके बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और फर्जी बिल व दस्तावेज देकर कारोबारी को गुमराह करते रहे।
मामले की जांच के दौरान पुणे पुलिस शनिवार को बांसवाड़ा पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी महिला अजब पत्नी जैनुद्दीन गेताजी, निवासी बांसवाड़ा को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस ठगी में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।
Disclaimer:
यह समाचार उपलब्ध पुलिस एवं मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने तक निर्दोष माना जाएगा।