कर्नाटक मंत्री डी. सुधाकर के निधन पर शोक की लहर, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किए अंतिम दर्शन
बेंगलुरु(दलपतसिंह भायल)कर्नाटक सरकार के मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डी. सुधाकर के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में राजनीतिक नेता, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन कर गहरा दुःख व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
डी. सुधाकर कांग्रेस की विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित थे तथा हिरियूर और चित्रदुर्ग क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए सदैव सक्रिय रहे। उनका सरल स्वभाव, मुस्कुराता व्यक्तित्व और जमीनी स्तर पर लोगों से गहरा जुड़ाव उन्हें जनप्रिय नेता बनाता था।
राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखा। उनके निधन को कांग्रेस पार्टी और राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।