राजनांदगांव में आकाशीय बिजली का कहर : गाज गिरने से जलाशय किनारे बैठे दो युवकों की मौत, एक घायल
राजनांदगांव। जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। जलाशय के पास बैठे तीन युवक इसकी चपेट में आ गए, जिनमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं पास के पेड़ पर बैठा एक बंदर भी बिजली गिरने से मारा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमनी बाजारपाठ क्षेत्र स्थित जलाशय क्रमांक-2 के पास सोमनी निवासी 18 वर्षीय नीलकमल निषाद, 19 वर्षीय डोमेश बघेल और 18 वर्षीय लोकेश बंजारे बैठे हुए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 को जानकारी दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से तीनों को सोमनी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद नीलकमल निषाद और डोमेश बघेल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल लोकेश बंजारे का इलाज सोमनी अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय बिजली गिरी, उसी दौरान पास के पेड़ पर एक बंदर बैठा हुआ था। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। लगातार बदलते मौसम, तेज आंधी और बारिश के बीच हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है।