logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

Shahjahanpur News: पुवायां थाने में दो घंटे चली वार्ता... कुछ मुद्दों पर सहमति बनी

पुवायां। गांव गंगसरा में दो स्थानों पर चल रहे जमीन के विवाद को लेकर शनिवार को थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत का आयोजन किया गया। एडीएम प्रशासन, एसपी ग्रामीण, एसडीएम, सीओ के सामने दो घंटे तक वार्ता होने के बाद दोनों पक्षों में कुछ मुद्दों पर सहमति बनी लेकिन समस्या का पूरी तरह समाधान हो सका।गंगसरा में जमीन बेचने वाले के परिजनों और खरीदारों के बीच दो स्थानों पर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। खरीदारों के पक्ष से कब्जा दिलाने की मांग को लेकर भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव के नेतृत्व में कई दिनों से पुवायां मंडी परिसर में धरना दिया जा रहा है।सुनवाई नहीं होने पर भाकियू ने राजीव चौक पर चक्का जाम करते हुए तहसीलदार का पुतला भी दहन किया था। शुक्रवार को जिला प्रशासन का पुतला दहन करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद हरकत में आए तहसील और पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कब्जा दिलाने का प्रयास किया था।
जानकारी होने पर दूसरे पक्ष की महिलाएं पेट्रोल भरी पिपिया लेकर मौके पर पहुंचीं और तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी के सामने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों की थाने में पंचायत करने की बात कहकर वापस चली आई थी।
शनिवार को थाना समाधान दिवस में पहुंचे एडीएम प्रशासन, एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण, एसडीएम सदानंद सरोज, सीओ प्रवीण मलिक ने दोनों पक्षों को बिठाकर वार्ता कराई। दो घंटे तक चली वार्ता के दौरान एक मामले में तय हुआ कि जोतने के लिए कोर्ट के आदेशानुसार कार्रवाई की जाएगी, जब तक कोर्ट से कोई निर्णय नहीं हो जाता तब तक खेत खाली पड़ा रहेगा।दूसरे मकान की जगह के मामले में पूरे गाटे की पैमाइश कराकर खातेदारों का हिस्सा तय कर दिया जाएगा। जिस पर दोनों पक्षों ने सहमति जताई। इसके बाद अधिकारी चले गए।
भाकियू के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह यादव ने कहा कि अभी तमाम समस्याओं का समाधान प्रशासन नहीं करा सका है। जब तक समस्याओं का निस्तारण नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा।
-----

दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई गई थी। कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है। एक मामले में कोर्ट से निर्णय होने के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। दूसरे जगह वाले मामले में पैमाइश कराई जाएगी।
-रजनीश कुमार, एडीएम प्रशासन शाहजहांपुर

2
47 views

Comment