सभापति ने बोधगया में ढाई करोड़ की 18 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन
बोधगया नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न वार्डो में करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई 18 विकास योजनाओं का शनिवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। सभापति ललिता देवी व उपसभापति कौशमी देवी ने संयुक्त रूप से संबंधित वार्डों में पार्षदों की उपस्थिति में उद्घाटन किया। सभापति ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, पेवर ब्लॉक एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को जनता को समर्पित किया गया। जिसमें वार्ड संख्या-23 में काली मंदिर एवं सूर्य मंदिर के सामने पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य भी शामिल है।उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में काफी सहूलियत मिलेगी। शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा कराया जा रहा है। ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सके। मौके पर पार्षद राजेश कुमार, रामबली प्रसाद, कमला देवी, सभापति के प्रतिनिधि विजय कुमार मांझी, उपसभापति के प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, कनीय अभियंता आदिल हसन, सर्वेंद्र नारायण, राजेश कुमार उर्फ गामा, बैजू यादव सहित अन्य मौजूद थे।