logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बोधगया में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना की धीमी रफ्तार पर विधानसभा अध्यक्ष हुए नाराज

बोधगया के निरीक्षण भवन में शनिवार को बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें उन्होंने शहर की आधारभूत सुविधाओं, पर्यटन व्यवस्था और जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को बोधगया की अंतरराष्ट्रीय पहचान के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता को निर्देशित किया कि बोधगया में साफ-सफाई की व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए शहर की स्वच्छता और सुंदरता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इसके साथ ही उन्होंने शहर के प्रमुख मार्गों एवं पर्यटन स्थलों के आसपास बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ताकि पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल मिल सके। बैठक में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने बुडको के अधिकारियों को शीघ्र कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। वहीं महाबोधि मंदिर के समीप मोटरसाइकिल पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन से पहल करने को कहा। अंचलाधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने निर्विवाद दाखिल-खारिज मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नगर परिषद को विश्वस्तरीय सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने का निर्देश दिया। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार मांझी, जिला उपाध्यक्ष सुधांशु कुमार मिश्रा, कृष्णा साहू, मो. वाहिद अली समेत कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

5
959 views

Comment