logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जुब्बल में दर्दनाक हादसा: आग की चपेट में आने से नेपाली मूल के युवक की मौत

राजधानी शिमला के जुब्बल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में नेपाली मूल के युवक की आग से झुलसने के कारण मौत हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना गांव मटासा, डाकघर झडगा, तहसील जुब्बल में बीती शाम पेश आई।
मृतक की पहचान टोपिन्द्र कार्की निवासी जिला देलेख, करनाली क्षेत्र नेपाल के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से जुब्बल क्षेत्र में मजदूरी का कार्य कर रहा था और गांव मटासा स्थित एक सेब बगीचे में काम करता था। घटना की जानकारी मृतक के भाई प्रेम कार्की ने पुलिस को दी।
प्रारंभिक जांच के अनुसार टोपिन्द्र कार्की बगीचे में काम करने के बाद रसोईघर में मौजूद था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर शराब के नशे में रसोई में पड़ी सेब की खाली ट्रे इकट्ठा कर उनमें आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और वह उसकी चपेट में आ गया। आग की लपटों ने उसके कपड़ों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
बताया जा रहा है कि आग लगाने के बाद वह किसी तरह कमरे की ओर गया और वहां अपना जला हुआ लोअर उतार दिया। इसके बाद वह पानी की मदद से आग बुझाने के लिए दोबारा रसोईघर की तरफ आया, लेकिन अत्यधिक झुलसने और दर्द के कारण वह बेहोश होकर गिर पड़ा। गंभीर रूप से झुलसने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जुब्बल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद आगामी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

6
900 views

Comment