विशेष/कंपार्टमेंटल इंटरमीडिएट परीक्षा सातवें दिन भी शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न
जिला पदाधिकारी वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह (भा.प्र.से.) के कुशल नेतृत्व, सतत पर्यवेक्षण एवं प्रभावी प्रशासनिक निगरानी में इंटरमीडिएट विशेष/कंपार्टमेंटल परीक्षा, 2026 का आयोजन जिले के सभी परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं कदाचारमुक्त वातावरण में लगातार जारी है। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा के सातवें दिन जिले के तीन परीक्षा केन्द्रों पर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग के माध्यम से परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर कड़ी नजर रखी गई, जिससे सभी केन्द्रों पर व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। आज आयोजित परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल आवंटित पांच परीक्षार्थियों में सभी पांच परीक्षार्थी उपस्थित हुए। परीक्षा के दौरान किसी भी केन्द्र से कदाचार, अव्यवस्था अथवा विधि-व्यवस्था संबंधी कोई प्रतिकूल सूचना प्राप्त नहीं हुई।
परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। इसके अतिरिक्त गश्ती दल, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारी लगातार केन्द्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। समाहरणालय परिसर स्थित जिला नियंत्रण कक्ष भी परीक्षा अवधि के दौरान पूरी तरह सक्रिय रहा। प्रातः 07 बजे से परीक्षा समाप्ति तक सभी केन्द्रों की गतिविधियों की निगरानी की गई। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06224-260220 एवं 06224-260229 पर प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।परीक्षा केन्द्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रही। साथ ही सभी केन्द्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी एवं आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई, जिससे परीक्षा की विश्वसनीयता एवं पारदर्शिता बनी रही।
जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह ने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आगामी परीक्षा तिथियों में भी पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया है।