logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मिट्टी में दबा मिला मासूम का शव, बच्चों की जुबानी खुला मौत का राज।

संवाददाता: राहुल पाल

ऑवला। सिरौली में एक मासूम दिव्यांग बच्चे की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मामला तब और गंभीर हो गया जब बच्चे की माँ ने अपने ही पति पर बेटे की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तालाब किनारे खुदाई कर शव बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि 9 वर्षीय कन्हैया जन्म से ही पूर्ण रूप से विकलांग था। उसकी माँ संध्या के अनुसार, पति अनिल अक्सर बच्चे की हालत को लेकर नाराज रहता था। आरोप है कि 3 मई को उसने बेटे का गला दबाकर उसकी जान ले ली और किसी को भनक न लगे इसलिए शव को गांव के बाहर तालाब किनारे मिट्टी में दबा दिया।
घटना कई दिनों तक दबे रहने की आशंका थी, लेकिन मृतक के छोटे भाई-बहनों की बातों ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। 4 वर्षीय अनमोल और 6 वर्षीय वंदना ने पुलिस के सामने बताया कि उन्होंने पिता को कन्हैया के साथ गलत हरकत करते देखा था। बच्चों की बात सुनने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। दिनांक 09-05-2026 दिन शनिवार को पुलिस टीम प्रशासन के साथ मौके पर पहुँची। नायब तहसीलदार दीपक कुमार की निगरानी में तालाब किनारे चिन्हित स्थान की खुदाई कराई गई। काफी देर की मशक्कत के बाद मिट्टी में दबा कन्हैया का शव बाहर निकाला गया। शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।

मौके पर पहुँची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। टीम ने मिट्टी के नमूने सहित अन्य सबूत अपने कब्जे में लिए ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक जांच की जा सके। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया।थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मृतक की माँ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता अनिल को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी का कहना है कि बच्चे की मौत बीमारी की वजह से हुई थी, लेकिन पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

कस्बे मे इस घटना के बाद शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है। लोग इस बात से हैरान हैं कि आखिर एक पिता अपनी ही संतान के साथ इतना बेरहम व्यवहार कैसे कर सकता है। अब पूरे मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच को अहम माना जा रहा है।

53
2759 views

Comment