बेसिक शिक्षा विभाग की अप्रैल माह की रैंकिंग में कोन ब्लॉक फिर बना चैंपियन
कोन प्रथम स्थान, नगवा दूसरे स्थान एवं रॉबर्ट्सगंज तीसरे स्थान पर लहराया परचम
सोनभद्र। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से जनपद में लागू डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान प्रोग्रेस मॉनिटरिंग डैशबोर्ड की अप्रैल माह की रैंकिंग जारी कर दी गई है।
अप्रैल 2026 की नवीनतम रैंकिंग के अनुसार विकास खंड कोन ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार के नेतृत्व में ब्लॉक ने निपुण स्कूल असेसमेंट, शिक्षक उपस्थिति एवं अन्य महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रैंकिंग में नगवा ब्लॉक दूसरे स्थान पर रहा, जबकि रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक ने तीसरा स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि ब्लॉकों की रैंकिंग व्यवस्था लागू होने के बाद से कोन जैसे दुरूह एवं संसाधन-विहीन क्षेत्र ने लगातार प्रथम स्थान बनाए रखा है। सीमित संसाधनों और शिक्षकों की कमी के बावजूद कोन ब्लॉक का प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस उपलब्धि का श्रेय खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय के कुशल मार्गदर्शन के साथ-साथ अध्यापकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, संकुल एवं एआरपी टीम की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों के कारण कोन ब्लॉक लगातार प्रत्येक माह की रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर रहा है।