logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पुलिस मुठभेड़ में हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा

शाहजहांपुर।
जलालाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और बाइक बरामद हुई है।

थाना जलालाबाद में एक युवक को जान से मारने की नियत से गोली मारने का मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान ग्राम सैदपुर निवासी अवनीश सिंह का नाम सामने आया। शुक्रवार देर रात पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र से भागने की फिराक में है।

सूचना पर पुलिस ने ग्राम पलहरई के पास गंगा एक्सप्रेस-वे संपर्क मार्ग पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। बाइक फिसलने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली कांस्टेबल शुभम सैनी की कोहनी को छूते हुए निकल गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी अवनीश सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी के एक युवक से अवैध संबंध थे। इसी रंजिश में उसने 6 मई की शाम ग्राम टापर के पास युवक के सिर में गोली मार दी थी और उसे मृत समझकर फरार हो गया था। आरोपी फरीदाबाद भागने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी के पास से 32 बोर का तमंचा, तीन कारतूस, दो मोबाइल फोन, 450 रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी के खिलाफ जलालाबाद थाने में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0
47 views

Comment