थाना समाधान दिवस में भूमि और पारिवारिक विवादों की शिकायतें पहुंचीं
शाहजहांपुर
पुवायाँ में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), उपजिलाधिकारी पुवायाँ, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) तथा क्षेत्राधिकारी पुवायाँ मौजूद रहे। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, अवैध कब्जा, आपसी मारपीट समेत अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
अधिकारियों ने संबंधित राजस्व, पुलिस और विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतकर्ताओं को त्वरित व निष्पक्ष न्याय दिलाना प्राथमिकता है। इस अवसर पर अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।