भर्ती घोटालों से पारदर्शी नौकरियों तक: योगी सरकार ने युवाओं का विश्वास जीता डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा केवल वोटर नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य, विकास और सामर्थ्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले की सपा सरकार में युवाओं को अवसरों के बजाय जातिवाद, भ्रष्टाचार और सिफारिश आधारित व्यवस्था का सामना करना पड़ा, जबकि योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाकर युवाओं का विश्वास जीता है।
डॉ. सिंह ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच हुई 600 से अधिक भर्तियां विवादों में रहीं। लगभग 45 हजार पदों की जांच तक की नौबत आई और भर्ती प्रक्रियाओं को रद्द कराने तथा CBI जांच की मांग को लेकर 700 से अधिक याचिकाएं अदालतों में दाखिल की गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पीसीएस 2011 भर्ती में इंटरव्यू प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे थे, जहां 86 में से 56 एसडीएम एक ही जाति से चयनित हुए। इसी प्रकार इतिहास प्रवक्ता भर्ती में OBC कोटे के 15 में से 7 चयन एक विशेष जाति से होने के आरोप लगे। वहीं 2014 की PCS परीक्षा में 25 प्रश्न गलत पाए गए थे।डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सपा सरकार की लैपटॉप योजना भी विवादों में रही। उन्होंने आरोप लगाया कि 1173 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वितरित 8 लाख से अधिक लैपटॉप वितरण प्रक्रिया पर भी सवाल उठे थे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद मुख्यमंत्री Yogi Adityanath के नेतृत्व में भर्ती व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए। भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनाया गया। डिजिटल मॉनिटरिंग, सख्त सुरक्षा व्यवस्था और भर्ती माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
डॉ. सिंह के अनुसार पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियों की प्रक्रिया संचालित की गई है। केवल पुलिस विभाग में ही 2.20 लाख से अधिक भर्तियां पूरी की गईं।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए 2 करोड़ से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए। साथ ही अभ्युदय योजना, स्किल डेवलपमेंट मिशन, ODOP, डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर नीति, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसी योजनाओं ने उत्तर प्रदेश को रोजगार और निवेश का बड़ा केंद्र बनाया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश भर्ती घोटालों और परिवारवाद की राजनीति से निकलकर पारदर्शिता, सुशासन, निवेश और विकास के मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब जातिवाद नहीं, बल्कि अवसर, सुशासन और विकास की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है।