उत्तर प्रदेश बना रक्षा उत्पादन का नया हब, डिफेंस कॉरिडोर में 35 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव
डबल इंजन सरकार की नीतियों और बेहतर औद्योगिक माहौल के चलते उत्तर प्रदेश अब रक्षा उत्पादन और निवेश का बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है। प्रदेश में विकसित किए जा रहे डिफेंस कॉरिडोर को लेकर देश-विदेश की कंपनियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। राज्य सरकार के अनुसार, उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी और चित्रकूट सहित छह शहरों में रक्षा उत्पादन से जुड़ी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं के लिए अब तक करीब 35,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। सरकार का दावा है कि डिफेंस कॉरिडोर के जरिए प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय उद्योगों को भी नई पहचान मिलेगी।
अत्याधुनिक रक्षा उपकरणों के निर्माण से उत्तर प्रदेश देश की आत्मनिर्भर रक्षा नीति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी, भूमि उपलब्धता और निवेश अनुकूल नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश रक्षा क्षेत्र में तेजी से निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।