सुशासन नहीं, कुसाशन चल रहा है रामगढ़ बैठक में कांग्रेस नेताओं का हमला
उदयपुर समाचार=प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रामगढ़ स्थित रामवाटिका में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव (सिद्धार्थ बाबा) ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्र में हो रहे खनिज सर्वे, किसानों की समस्याओं, जल संकट, महिलाओं की सुरक्षा और सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
अपने उद्बोधन में सिद्धार्थ सिंह देव ने कहा कि सरगुजा और बस्तर संभाग प्राकृतिक संपदा से भरपूर क्षेत्र हैं, जहां जमीन के ऊपर घने जंगल और नीचे कोयला, बॉक्साइट, लोहा सहित कई खनिज मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए तेजी से सर्वे करा रही है, जिससे आदिवासी और ग्रामीणों में जमीन-जंगल छिनने की चिंता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अब जागरूक हो रहे हैं और अपनी जमीन एवं जल-जंगल की रक्षा के लिए चिंतित हैं।
उन्होंने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पिछली खरीफ सीजन में कई किसानों का रकबा कट गया, धान खरीदी में परेशानियां हुईं और किसानों को महंगे दाम पर खाद एवं यूरिया खरीदना पड़ा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को इन मुद्दों की जानकारी देने का आह्वान किया।
सिद्धार्थ सिंह देव ने महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन जरूरतमंद महिलाओं तक समय पर एंबुलेंस और इलाज की सुविधा नहीं पहुंच पा रही है। इसके साथ ही उन्होंने गांवों में खराब पड़े सोलर सिस्टम, बंद हाईमास्ट लाइट, पेयजल संकट और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार प्रत्येक माह बूथ और मंडल स्तर पर बैठक आयोजित कर संगठन को मजबूत करना आवश्यक है। कार्यकर्ताओं से नियमित बैठक कर जनता के बीच कांग्रेस की विचारधारा और जनसमस्याओं को पहुंचाने का आह्वान किया गया