पशु-पक्षियों के लिए आगे आया भाजपा सेवा प्रकोष्ठ, गर्मी में पानी और दाने की व्यवस्था
फरीदाबाद। भीषण गर्मी के बीच पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी जिला फरीदाबाद महानगर के सेवा प्रकोष्ठ द्वारा सराहनीय सामाजिक अभियान चलाया गया। सेवा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक महेश कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के सकोरों में पानी भरवाया तथा पेड़ों पर पानी से भरे प्लास्टिक के कटोरे लटकाए, ताकि पक्षियों और छोटे जीवों को भीषण गर्मी में पानी मिल सके।
इसके साथ ही कुत्तों के लिए ब्रेड, रोटी एवं पानी की व्यवस्था की गई, वहीं गिलहरी, चिड़िया और अन्य पक्षियों के लिए गेहूं सहित अन्य अन्न के दाने प्लेटों और दोनों में रखे गए। इस मानवीय पहल को स्थानीय लोगों ने भी सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
जिला संयोजक महेश कुमार ने कहा कि भाजपा सेवा प्रकोष्ठ समय-समय पर समाज सेवा एवं जनहित से जुड़े ऐसे कार्य करता रहता है। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों की सेवा करना भी मानवता की बड़ी जिम्मेदारी है।
इस सेवा अभियान में विशेष सहयोगी के रूप में जय शर्मा, दिनेश प्रसाद सिंह, गीता, बबीता, टेकचंद एवं कृष्ण कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।