logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

फतेहपुर: डीएम और एसपी ने किया हुसैनगंज थाने का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

फतेहपुर: डीएम और एसपी ने किया हुसैनगंज थाने का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से हुसैनगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय अभिलेखों के रखरखाव, मालखाना, हवालात तथा अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। अधिकारियों ने रजिस्टरों और रिकॉर्ड्स का अवलोकन करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए। कुछ अभिलेखों में खामियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाने, अपराध नियंत्रण पर विशेष नजर रखने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में हड़कंप जैसी स्थिति रही और पुलिस कर्मी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए।
इस मौके पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों के इस सख्त रुख से आमजन में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

72
4979 views

Comment