मध्य प्रदेश में अजब मामला: ड्यूटी पर ASI, रिकॉर्ड में रिटायर्ड
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ ASI माने खान को विभागीय रिकॉर्ड में समय से पहले रिटायर्ड दिखा दिया गया, जबकि वे लगातार थाने में ड्यूटी कर रहे हैं।
माने खान वर्तमान में लौर थाना में तैनात हैं और नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका एम्पलाई कोड भी सक्रिय है, थाने में उनकी उपस्थिति दर्ज हो रही है तथा वे विवेचना कार्य भी कर रहे हैं। इसके बावजूद विभागीय कागजों में उन्हें फरवरी 2026 में ही सेवानिवृत्त दर्शा दिया गया, जिसके कारण पिछले दो महीनों से उनका वेतन बंद हो गया है।
जब वेतन नहीं मिलने पर माने खान ने संबंधित कार्यालय में जानकारी ली, तब उन्हें बताया गया कि रिकॉर्ड में वे रिटायर्ड हो चुके हैं, इसलिए वेतन जारी नहीं हो रहा है। जबकि वास्तविक रूप से उनकी सेवानिवृत्ति जुलाई 2026 में होनी थी।
इस त्रुटि से परेशान ASI माने खान ने मऊगंज पुलिस के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर न्याय और वेतन बहाली की मांग की है। वेतन बंद होने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
यह मामला विभागीय लापरवाही और रिकॉर्ड प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।