गांव-गांव जाकर नदीम व मुन्ना शिक्षा के लिए कर रहे जागरूकपढ़ेगा गांव, बढ़ेगा समाज का दे रहे संदेश
गांव-गांव जाकर नदीम व मुन्ना शिक्षा के लिए कर रहे जागरूक
पढ़ेगा गांव, बढ़ेगा समाज का दे रहे संदेश
महगामा प्रतिनिधि। महगामा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों और गलियों में शिक्षा जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षित समाज का संदेश दिया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता मु० नदीम सरवर एवं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मुन्ना राजा लगातार गांव-गांव पहुंचकर बच्चों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
अभियान के दौरान बच्चों को स्कूल जाने, नियमित पढ़ाई करने तथा बेहतर भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। वहीं अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। कार्यक्रम में पढ़ेगा गांव, बढ़ेगा समाज का संदेश देते हुए कहा गया कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है।
अभियान में बड़ी संख्या में बच्चे एवं स्थानीय लोग शामिल होकर शिक्षा के प्रति उत्साह दिखा रहे हैं। मु० नदीम सरवर ने कहा कि आज भी कई बच्चे संसाधनों और जागरूकता की कमी के कारण विद्यालय से दूर हैं। ऐसे बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना समाज की जिम्मेदारी है।
वहीं मुन्ना राजा ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और समाज के सभी लोगों को मिलकर बच्चों का भविष्य संवारने के लिए आगे आना चाहिए।
डिजिटल जागरूकता पर भी दिया गया संदेश
अभियान के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों को डिजिटल शिक्षा और मोबाइल के सही उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि आज के समय में डिजिटल ज्ञान जरूरी है, लेकिन मोबाइल का गलत और अत्यधिक उपयोग बच्चों के भविष्य एवं स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल सकता है।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को आवश्यकता पड़ने पर ही मोबाइल फोन उपयोग करने दें तथा सोशल मीडिया और इंटरनेट का इस्तेमाल अभिभावकों की निगरानी में कराया जाए। बच्चों को मोबाइल की बजाय पढ़ाई, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
अभियान के माध्यम से यह भी कहा गया कि शिक्षा, संस्कार और डिजिटल जागरूकता मिलकर ही एक मजबूत, सुरक्षित और विकसित समाज का निर्माण कर सकते हैं।