logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण के दौरान सपा का दशकों पुराना दफ्तर ध्वस्त, प्रशासन ने कहा- अवैध निर्माण, सपा का आरोप- राजनीतिक बदला*

*चंदौली/पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर:* सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत शनिवार को प्रशासन ने मुगलसराय में समाजवादी पार्टी के दशकों पुराने कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। बुलडोजर की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही। प्रशासन ने कार्रवाई को पूरी तरह प्रशासनिक बताया, जबकि सपा ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है।

*प्रशासन का पक्ष: PWD की जमीन पर था अवैध कब्जा*
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की सड़क को चार और छह लेन में चौड़ा करने की योजना है। सपा कार्यालय पीडब्ल्यूडी की जमीन पर अवैध रूप से बना था और निर्माण में बाधा बन रहा था।

एसडीएम के अनुसार कार्रवाई से पहले पूरी प्रक्रिया अपनाई गई। इलाके की मार्किंग की गई, व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठकें हुईं और सार्वजनिक नोटिस भी जारी किए गए थे। प्रशासन का कहना है कि यह किसी एक दल के खिलाफ कार्रवाई नहीं है। इस अभियान में अब तक 300 से ज्यादा अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। इनमें दुकानें, मकान, कॉलेज की बाउंड्री वॉल और धार्मिक स्थल भी शामिल हैं।

*सुरक्षा के कड़े इंतजाम*
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पीएसी के साथ कई थानों के प्रभारी भी मौजूद रहे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर ध्वस्तीकरण किया गया।

*सपा का आरोप: वैध दस्तावेज फिर भी तोड़ा दफ्तर*
वहीं, सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से की गई बताया। उनका आरोप है कि कार्यालय के वैध दस्तावेज होने के बावजूद सत्ता के दबाव में जानबूझकर उसे निशाना बनाया गया है। सपा नेताओं ने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है।

फिलहाल सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है और प्रशासन ने साफ किया है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी चलता रहेगा।

0
0 views

Comment