मुंबई में रहस्यमयी मौतों से सनसनी: तरबूज के अंदर मिला चूहे मारने वाला जहर, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत!
मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक हुई मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। 26 अप्रैल को हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम लगातार जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में जो खुलासे सामने आए हैं, उन्होंने इस मामले को और भी रहस्यमयी बना दिया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, परिवार ने रात के खाने के साथ जो फल खाए थे, उनमें जहरीले तत्व मौजूद होने की आशंका जताई गई है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि फोरेंसिक जांच में तरबूज के अंदर जिंक फॉस्फाइड यानी चूहे मारने वाले जहर के निशान पाए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह जहरीला पदार्थ फल की सतह पर नहीं, बल्कि उसके अंदर मिला, जिससे बड़ा सवाल खड़ा हो गया है आखिर जहर तरबूज के भीतर पहुँचा कैसे?
FSL अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में 11 दिनों के भीतर 54 अलग-अलग परीक्षण किए गए। अब पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है क्या यह हादसा था, आत्महत्या थी, या फिर किसी ने जानबूझकर जहर मिलाया?
जांच में यह भी सामने आया है कि डोकड़िया परिवार ने खाना खाने के कुछ समय बाद अचानक उल्टियां शुरू कर दी थीं। पहले उन्हें पारिवारिक डॉक्टर के पास ले जाया गया और फिर हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में हुए परीक्षणों के दौरान जिंक फॉस्फाइड के लक्षण पाए गए। डॉक्टरों ने लगातार इलाज की कोशिश की, लेकिन आखिरकार चारों की मौत हो गई।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या फल विक्रेताओं द्वारा चूहों से बचाव के लिए रखी गई दवा गलती से तरबूज के अंदर चली गई, या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।
इस घटना ने एक बार फिर खाद्य सुरक्षा और सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर न पहुँचने की अपील की है।