logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग ने तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम

संवाददाता : पंकज पाठक

आवागढ़/एटा। एटा जिले के आवागढ़ थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल 70 वर्षीय बुजुर्ग श्यामपाल सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरौली निवासी श्यामपाल सिंह मंगलवार शाम करीब 7 बजे अपने खेतों से पैदल घर लौट रहे थे। तभी एटा-टूंडला मार्ग पर गांव से लगभग 500 मीटर दूरी पर आवागढ़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उन्हें आवागढ़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा था। लेकिन बुधवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

0
255 views

Comment