जलेसर तहसील में रिश्वतखोरी का आरोप, भाजपा नेता ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जलेसर तहसील में रिश्वतखोरी का आरोप, भाजपा नेता ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जलेसर/एटा:
जनपद एटा की तहसील जलेसर में कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष विक्की ठाकुर ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत को ज्ञापन सौंपकर एक लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एसडीएम जलेसर कार्यालय से जुड़े लेखपाल अमित कुमार जैसवाल किसानों और आम लोगों से आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के नाम पर खुलेआम अवैध वसूली कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार विभिन्न कार्यों के लिए कथित रूप से रेट लिस्ट तय कर रखी गई है।
आरोप है कि आय और जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 1000, खतौनी में अंश सही कराने के लिए 4000 तथा फर्द में नाम संशोधन के लिए 10000 तक की मांग की जाती है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जो लोग पैसे नहीं देते, उनके आवेदन निरस्त कर दिए जाते हैं या कार्य लंबित रखा जाता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर ने तत्काल तहसीलदार संदीप सिंह को जांच के निर्देश देते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई करने को कहा है।
भाजपा नेता विक्की ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।
संवाददाता: पंकज पाठक, जलेसर/एटा