श्योपुर: सेवा सप्ताह समारोह का समापन, उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित
श्योपुर: कलेक्टर एवं भारतीय रेडक्रॉस श्योपुर की अध्यक्ष सुश्री शीला दाहिमा के निर्देशन में 2 मई से 8 मई तक आयोजित सेवा सप्ताह का समारोहपूर्वक समापन प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में हुआ। इस अवसर पर समाज सेवा, खेल, स्वास्थ्य और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, चेयरमैन श्री अमित सूद, सचिव श्री दिनेश राज दुबोलिया समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण ने रेडक्रॉस सेवा को समर्पण का प्रतीक बताया और युवाओं को सामाजिक दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया। पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय ने समाज सेवा को राष्ट्र सेवा कहा जबकि भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया ने रेडक्रॉस की मानवता सेवा की सराहना की। रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री अमित सूद ने मानवता की सेवा के वैश्विक अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। समापन अवसर पर वनवासी कल्याण, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, चिकित्सा सेवा, रक्तदान जागरूकता, खेल, पोषण आहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया।