उत्तराखंड देहरादून मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की।
उत्तराखंड देहरादून
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज सचिवालय स्थित सभागार में विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने केंद्र सरकार की प्रगति समीक्षा हेतु डिजिटल मंच की तर्ज पर प्रदेश की महत्त्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा के लिए स्टेट प्रगति की पहल की है। उन्होंने कहा कि स्टेट प्रगति के तहत महत्त्वपूर्ण परियोजनाओं की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी, ताकि परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जा सके।
मुख्य सचिव ने नैनीताल में एसटीपी, ट्रंक सीवर से संबंधित कार्यों सहित सीवरेज प्रणाली निर्माण कार्य, जो भूस्खलन के कारण बाधित है, के लिए चिह्नित नई भूमि के लिए संबंधित विभाग से शीघ्र एनओसी लेकर नई टाइमलाइन जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरपालिका नरेंद्रनगर के अंतर्गत एसटीपी निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं को निस्तारित करने के लिए जिला प्रशासन को शीघ्र स्टेक हॉल्डर्स से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी-काठगोदाम जलापूर्ति योजना के तहत जल स्रोत क्षमता विकास में वनभूमि हस्तांतरण आदि के कार्य को लगातार फॉलोअप कर निस्तारित किया जाए।
मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागों द्वारा बैंकों के साथ ही समन्वय किए जाने के निर्देश दिए उन्होंने मिशन एप्पल योजना की सफलता के लिए क्लस्टर बेस्ड एप्रोच अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुरोला-मोरी जैसे सेब की खेती के लिए अनुकूल क्षेत्रों में भी हाई डेंसिटी एप्पल फार्मिंग को बढ़ावा दिए जाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रमुख सचिव डॉ .आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव श्री रणवीर सिंह चौहान एवं अपर सचिव श्री अभिषेक रोहिला सहित सम्बन्धित जनपदों से सम्बन्धित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे