ऑनलाइन सट्टे पर शिकंजा : खाईवाल अंकित अग्रवाल नागपुर से गिरफ्तार, नमन-आयुष को उपलब्ध करता था आईडी
ऑनलाइन सट्टे के विरुद्ध रायपुर कमिश्नरेट की कार्रवाई जारी है। रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने नागपुर से खाईवाल अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। वह पूर्व में गिरफ्तार आरोपी नमन जग्गी और आयुष जैन को आईडी उपलब्ध कराता था। नमन और आयुष की निशानदेही पर अंकित को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक अंकित अग्रवाल ऑफलाइन सट्टे का बड़ा खाईवाल है। तेलीबांधा थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। न्यायिक रिमांड के लिए आरोपी को न्यायालय के लिए रवाना किया गया है।
बता दें कि हाल ही में पुलिस ने खाईवाल नमन जग्गी और आयुष जैन को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से मास्टर आईडी, सट्टा पैनल और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े दस्तावेज एवं सट्टा-पट्टी जब्त की गई थी। प्रारंभिक जांच में कई बड़े सर्राफा कारोबारियों और व्यापारियों के आरोपियों के संपर्क में होने की आशंका जताई गई है। इस पूरे मामले का रायपुर पुलिस कमिश्नरेट जल्द खुलासा करेगी।