गढ़वा में जलापूर्ति बाधित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश
गढ़वा : रंका प्रखंड मुख्यालय में पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों द्वारा चक्का जाम की घटना के बाद, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह के निर्देश पर 07 और 08 मई 2026 को पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान रंका पंचायत के दर्जी मोहल्ला निवासी भोला प्रसाद, अजित कुमार, संतोष कुमार, रविंद्र कुमार, आलोक कुमार तथा मेन रोड रंका निवासी अजित चौरसिया, चन्दन कुमार और धर्मेंद्र चन्द्रवंशी को सरकारी पाइपलाइन में मोटर लगाकर अपने घरों में पानी का उपयोग करते हुए पकड़ा गया।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इस प्रकार मोटर लगाकर पानी खींचने से आम जनता तक जलापूर्ति प्रभावित होती है और इससे कई क्षेत्रों में पेयजल संकट उत्पन्न होता है। सभी संबंधितों को कड़ी चेतावनी दी गई है और भविष्य में पकड़े जाने पर मोटर जब्त कर प्राथमिकी दर्ज करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें और अवैध गतिविधियों से बचें ताकि सभी को समान रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके।