गढ़वा में अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने जनसुनवाई आयोजित की
गढ़वा: उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान सहित विभिन्न समस्याओं को आमजनों ने प्रस्तुत किया। अपर समाहर्ता ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
जनसुनवाई में मेराल प्रखंड के बंका निवासी कृष्ण कुमार विश्वकर्मा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि न मिलने की शिकायत की। खरौंधी प्रखंड के करीवाडीह निवासी राम लखन राम ने अपने भूमि विवाद की समस्या बताई, जिसमें रिश्तेदारों द्वारा जबरदस्ती कब्जा करने का आरोप है। परती कुशवानी की राधिका देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार की जांच की मांग की। भवनाथपुर प्रखंड के पंडरिया निवासी कतवारू पाल ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत पशु शेड के निर्माण के बाद भुगतान न होने की समस्या बताई। जिले के अन्य लोगों की भी विभिन्न शिकायतें सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।