जिले में समर्थन मूल्य पर 95 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी, किसानों को 63 करोड़ से ज्यादा भुगतान
जिले में समर्थन मूल्य पर 95 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीदी, किसानों को 63 करोड़ से ज्यादा भुगतान
कटनी में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य लगातार जारी है। 15 अप्रैल से शुरू हुए उपार्जन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 8 मई तक जिले के 23 हजार 477 किसानों से 95 हजार 696 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। उपार्जित गेहूं के बदले किसानों को अब तक 63.98 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को किसानों के भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिले में अब तक 41 हजार 57 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग कराई जा चुकी है।
गेहूं उपार्जन में ढीमरखेड़ा सबसे आगे
जिले की तहसीलों में गेहूं खरीदी के मामले में ढीमरखेड़ा सबसे आगे है, जहां 6041 किसानों से 20 हजार 761 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। दूसरे स्थान पर विजयराघवगढ़ तहसील रही, जहां 3336 किसानों से 15 हजार 137 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हुआ।
इसी प्रकार:
बहोरीबंद 3045 किसानों से 14,237 मीट्रिक टन
स्लीमनाबाद 2250 किसानों से 10,492 मीट्रिक टन
बड़वारा 2761 किसानों से 9,333 मीट्रिक टन
रीठी 2075 किसानों से 8,672 मीट्रिक टन
बरही 1980 किसानों से 8,655 मीट्रिक टन
कटनी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र 1989 किसानों से 8,409 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया।
उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सुविधाएं
कलेक्टर के निर्देश पर सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। केंद्रों पर छायादार बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बारदाना, तौल कांटे, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट और गुणवत्ता परीक्षण उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा गेहूं की साफ-सफाई के लिए पंखे और छन्नों की व्यवस्था भी की गई है।
समर्थन मूल्य के साथ बोनस
रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जा रहा है। इसके साथ राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है। इस प्रकार किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है। किसानों से अपील की गई है कि वे खरीदी केंद्रों पर साफ और अच्छी गुणवत्ता वाला गेहूं लेकर पहुंचें।