अवैध असलहे से युवक की गोली मारकर हत्या। जांच में जुटी पुलिस।
अवैध असलहे से युवक की गोली मारकर हत्या। जांच में जुटी पुलिस।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खानापुर गांव में शुक्रवार को युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव से लेकर जिला अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल है । सूचना पर पहुंची पुलिस में मृतक की लाश को कब्जे में लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सचिन पांडेय ने गांव के ही युवक दीपक मिश्रा को पिस्टल दिखाने के बहाने बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान अवैध पिस्टल से सचिन पांडेय ने दीपक मिश्रा के सीने में गोली मार दिया । गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा आनन-फानन में घायल युवक को सुल्तानपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दीपक मिश्रा (26) को मृत घोषित कर दिया। युवक के मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में भारी भीड़ जमा हो गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
इस मामले में जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिलते ही पीपरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है की घटना के वक्त मृतक दीपक मिश्रा का दोस्त बालेंद्र मिश्रा मौके पर मौजूद था। उससे पूछताछ की जा रही है। मृतक की मौत सुल्तानपुर के जिला अस्पताल में हुई है जहां से उसके लाश का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंच कर साक्ष्य संकलन किया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना पीपरपुर में मुकदमा पंजीकृत करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।