ईसानगर में विकास का मंथन, क्षेत्र पंचायत बैठक में बनी गांवों के विकास की रणनीति
लखीमपुर खीरी। विकास खण्ड ईसानगर के अटल सभागार में शुक्रवार को वर्ष 2026-27 की क्षेत्र पंचायत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी एवं ब्लॉक प्रमुख आलोक कटियार मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन खंड विकास अधिकारी धन प्राप्त यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
बैठक में ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करना तथा आगामी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने को लेकर चर्चा करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक विनोद शंकर अवस्थी ने कहा कि ग्राम पंचायतें गांवों के विकास की सबसे मजबूत इकाई हैं। गांव मजबूत होंगे तभी प्रदेश और देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।
वहीं ब्लॉक प्रमुख आलोक कटियार ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब गांव विकसित होंगे और जनता खुशहाल होगी तभी प्रदेश और देश आगे बढ़ेगा। सरकार लगातार जनहितकारी योजनाएं चला रही है और सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सहयोग और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि क्षेत्र में जल व्यवस्था, नाली निर्माण, खड़ंजा निर्माण, इंटरलॉकिंग, स्ट्रीट लाइट, पुलिया निर्माण,और अन्य विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
खंड विकास अधिकारी धन प्राप्त यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ गांव-गांव तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर स्वच्छता, पेयजल, आवास, सड़क और रोजगार से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जा रहे हैं।
बैठक के दौरान विकास कार्यों को और तेज गति देने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गय।