सहसपुर विधायक ने क्षेत्र को दी 480 लाख की सौगात, दयानगर और जामुनवाला में पुश्ता निर्माण का हुआ शिलान्यास
देहरादून। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने एक बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को विधायक ने ग्राम दयानगर और जामुनवाला में 480.64 लाख रुपये की लागत से होने वाले पुश्ता निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। लंबे समय से क्षेत्रवासी मानसून के दौरान होने वाले भूमि कटाव को लेकर चिंतित थे, जिसकी रोकथाम के लिए अब इस भारी-भरकम बजट से सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात के दिनों में होने वाली समस्याओं से अब उन्हें निजात मिल सकेगी। अपने संबोधन में विधायक ने स्पष्ट किया कि सहसपुर का विकास और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़क, सिंचाई और पेयजल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं और जनता के विश्वास से विकास की यह गति निरंतर जारी रहेगी।
इस दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की अन्य समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान के लिए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कंचन, ग्राम प्रधान डॉ. कंचन और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता प्रेम लाल नौटियाल सहित विभाग के कई अधिकारी और सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।