logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

तकनीकी शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने तक सीमित नहीं-इंजीनियर विनीता सिंह

खानपुर कलां, 8 मई 2026

भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026 के अवसर पर एक भव्य सेमिनार एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा राज्य विज्ञान, नवाचार एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी निदेशालय, हरियाणा सरकार के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुदेश ने की, जबकि तकनीकी निदेशक इंजीनियर विनीता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग, प्रोजेक्ट शोकेस एवं पेपर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, नवाचार एवं तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया।

अपने संबोधन में कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस हमें विज्ञान एवं तकनीकी उपलब्धियों के महत्व को समझने और युवा पीढ़ी को नवाचार एवं अनुसंधान के लिए प्रेरित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज के युग में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और समाज के विकास का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। उन्होंने छात्राओं को नई तकनीकों को सीखने एवं समाज हित में उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि इंजीनियर विनीता सिंह ने कहा कि तकनीकी शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे व्यावहारिक नवाचार और समस्या समाधान से भी जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं के प्रोजेक्ट्स एवं प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच ही देश को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम की रिसोर्स पर्सन डॉ. विनीता कुमारी, साइंटिस्ट ने अपने व्याख्यान में आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान एवं नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल सुविधाएं प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना भी है। उन्होंने छात्राओं को रिसर्च एवं स्टार्टअप संस्कृति की ओर प्रेरित किया।

कार्यक्रम समन्वयक प्रो. (डॉ.) अजीत सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी जागरूकता एवं नवाचार की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नई तकनीकों के प्रति जागरूक बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षकगण, शोधार्थी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

फोटो कैप्शन :- 02 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित सेमिनार में कुलपति प्रो. सुदेश का स्वागत करते प्रो अजित सिंह।

2
157 views

Comment