कलियर में 5.85 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख रुपये
कलियर में 5.85 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 लाख रुपये
पिरान कलियर/हरिद्वार
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कलियर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक को 5.85 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर एसआई विनोद कुमार गोला पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पीछे एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से 5.85 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वसीम पुत्र रहीश निवासी वार्ड नंबर 4, पिरान कलियर बताया। आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक लंढौरा-मंगलौर क्षेत्र से खरीदकर लाया था और ऊंचे दामों में बेचने की तैयारी में था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी वाहन चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस स्मैक सप्लाई करने वाले मुख्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसआई विनोद कुमार गोला, कांस्टेबल प्रकाश मनराल और होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।
Reporter: Rao Shokeen
Rao Digital India News