जमीन बंटवारे के विवाद में महिला को धमकी, सुरक्षा और न्याय की गुहार।
बलिया (रेवती थाना क्षेत्र) से रिपोर्ट:
बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के गाइघाट गांव की निवासी ज्योति सिंह ने जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि घर के बंटवारे के लिए उन्होंने 29 मार्च 2026 को आवेदन दिया था, जिसके निस्तारण हेतु 30 मार्च 2026 को थाने पर बुलाया गया।
ज्योति सिंह के अनुसार, थाने पर जाने से पहले ही विपक्षी पक्ष द्वारा उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई, जिसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। बाद में थाना स्तर पर सचिव सरोज के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराया गया, जिसमें विपक्षी पक्ष ने स्वयं उचित मूल्यांकन कर हिस्सेदारी देने की बात स्वीकार की थी।
पीड़िता का कहना है कि अब विपक्षी अपने वादे से मुकर रहे हैं और उन्हें तथा उनके बेटे को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। डर के कारण वह फिलहाल अपने मायके में रहने को मजबूर हैं।
ज्योति सिंह ने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में स्पष्ट कहा है कि यदि भविष्य में उन्हें या उनके बेटे को कोई नुकसान होता है, तो इसके जिम्मेदार तारकेश्वर सिंह एवं राकेश सिंह (पुत्र शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, निवासी गायघाट) होंगे।
पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए घर में हिस्सेदारी का निष्पक्ष मूल्यांकन कराया जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।