गरीब परिवार के लिए मसीहा बने विधायक रोमी साहनी, मृतक अमित वर्मा के बच्चों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा
संवाददाता : आकाश सिंह (AIMA) लखीमपुर खीरी। पलिया विधानसभा, लखीमपुर खीरी
पलिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम छत्तीपुर ग्रंट नं० 18 में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अमित वर्मा पुत्र श्रीराम वर्मा की असमय मृत्यु के बाद परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मेहनत-मजदूरी कर धान मिल में पल्लेदारी करने वाले अमित वर्मा ही अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। उनकी अचानक मौत से पत्नी अनीता वर्मा और छोटे-छोटे बच्चों के सामने जीवन यापन और शिक्षा जैसी बड़ी चुनौतियां खड़ी हो गईं।
जैसे ही इस हृदयविदारक घटना की सूचना क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी को मिली, वह तुरंत मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। विधायक ने मृतक की पत्नी अनीता वर्मा को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज और वह स्वयं परिवार के साथ खड़े हैं।
इस दौरान विधायक रोमी साहनी ने बेहद भावुक होते हुए घोषणा की कि अमित वर्मा के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च वह स्वयं वहन करेंगे, ताकि बच्चों का भविष्य किसी भी परिस्थिति में अंधकारमय न हो। विधायक के इस मानवीय एवं संवेदनशील फैसले से परिवार की आंखें नम हो गईं।
गांव के लोगों ने विधायक के इस सराहनीय कदम की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा गरीब परिवार के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाना बेहद प्रेरणादायक कार्य है। क्षेत्र में विधायक रोमी साहनी की इस पहल को मानवता और जनसेवा की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।