निपुण हरियाणा मिशन के अंतर्गत फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी सम्पन्न
पंचकूला 8 मई: एनसीईआरटी की परख यूनिट तथा एससीईआरटी की आकलन विंग के संयुक्त तत्वावधान में 6, 7 एवं 8 मई 2026 को पंचकूला जिले में एफएलएस परीक्षा 2026 का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन डॉ. इंद्राणी भादुड़ी, सीईओ एवं विभागाध्यक्ष, परख के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
पंचकूला जिले में जिला स्तरीय समन्वयक डॉ. मोनिका कुक्कड़ तथा एफएलएन कोऑर्डिनेटर असिन्द्र कुमार द्वारा परीक्षा की सुपरविजन की गई। परीक्षा आयोजन से पूर्व 4 एवं 5 मई को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), पंचकूला में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में सात फील्ड इन्वेस्टिगेटर्स को टैबलेट उपलब्ध करवाए गए तथा उन्हें टैबलेट के माध्यम से सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, क्योंकि प्रश्नपत्रों का मूल्यांकन टैबलेट पर ही किया जाना था।
पंचकूला जिले के तीनों खंडों से कुल 6 विद्यालयों का चयन एससीईआरटी द्वारा किया गया, जिनमें दो निजी तथा चार सरकारी विद्यालय शामिल थे। प्रत्येक विद्यालय से 12 विद्यार्थियों का आकलन किया जाना निर्धारित था। विद्यार्थियों का चयन सैंपलिंग पद्धति के आधार पर किया गया।
इस परीक्षा के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु डी पी सी जोगिंन्द्र लाठर, उप जिला शिक्षा अधिकारी रमेश बत्रा एवं नरोत्तम शर्मा, प्रिंसिपल बल्दवाला किरण गुप्ता,डाइट के वरिष्ठ प्रवक्ता श्रीमती रश्मि शर्मा एवं श्रीमती मंजीत कौर द्वारा सतत मॉनिटरिंग की गई।